पुंछ । गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे द्वारा आरएसएस के खिलाफ दिए बयान पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भड़क गए और लोगों ने नारेबाजी करते शिंदे का पुतला जलाया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से गृहमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान निशु गुप्ता के नेतृत्व में लोग परेड मैदान में एकत्र हुए और केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जानबूझ कर भाजपा और संघ की छवि खराब करने के लिए शिंदे ने ऐसा बयान दिया है, जो राष्ट्र विरोधी है।
इसलिए उनको इस बात की राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। हरी स्वरूप शर्मा ने कहा कि शिंदे के बयान से देशवासी शर्मसार हुए हैं। कांग्रेस की वजह से ही देश में आतंकवाद को बढ़ावा मिल रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस आतंकियों का साथ देती है और राजनीतिक लाभ लेने के लिए कांग्रेस ने ये बयान दिलाया है। प्रिंस भारती और संजीव कुमार ने कहा कि हालांकि शिंदे का यह बयान माफी लायक नहीं है। इसलिए उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से शिंदे को बर्खास्त करने की मांग की।