राजोरी (ब्यूरो)। जिला स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को सेंट्रल जेल डांगरी में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया, जिसमें कैदियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें मुफ्त में आवश्यक दवाइयां भी दी गई। इसके अलावा कैदियों के मनोरंजन के लिए खेलों का सामान भी वितरित किया गया। इस अवसर पर जिला विकास आयुक्त सौगात विश्वास बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे, जबकि समारोह की सदारत जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. जाहूर शाल ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कैदियों को अपने आचरण में तब्दीली लाने तथा सभ्य समाज की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेंट्रल जेल में आयोजित किए गए शिविर में सरकारी डाक्टरों ने कैदियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयां दी।