पुंछ। जिले में चक्कां दा बाग की राहे मिलन से नियंत्रण रेखा के आर-पार होने वाला क्रास एलओसी ट्रेड शुक्रवार को एक बार फिर से बहाल हो जाएगा। इसमें दोनों तरफ से 35-35 ट्रक समान आर पार होने की संभावना है। क्रास एलओसी ट्रेड बहाल करने का फैसला दोपहर बाद क्रास एलओसी ट्रेडर्स की जिला विकास आयुक्त राहुल यादव के साथ बैठक के बाद लिया गया। इसके बाद सामान से लदे 35 ट्रक ट्रेड सेंटर के अंदर भेजे गए, जिनका सामान देर शाम तक सुरक्षा जांच के बाद दोबारा ट्रकों में भर कर उन्हें ट्रेड सेंटर में शुक्रवार को उस पार भेजने के लिए अंदर ले लिया गया है।
क्रास एलओसी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान पवन आनंद का कहना है कि बुधवार को हुई गोलाबारी के दौरान ट्रेड सेंटर के अंदर पाकिस्तानी गोले गिरने के बाद ट्रेड स्थगित करने का लिया गया फैसला जल्दबाजी का काम था। इसे लेकर हमने जिला विकास आयुक्त से बात की, क्योंकि उस पार से ट्रेडर्स भी ट्रेड जारी रखने के हक में थे। अब शुक्रवार को ट्रेड बहाल हो जाएगा। हमारी 35 गाड़ियां उस पार जाने को तैयार हैं और उस पार से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उस पार से भी 35 गाड़ियां सामान लेकर इस पार आएंगी।
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर को पाकिस्तानी सेना की तरफ से चक्कां दा बाग क्रास एलओसी ट्रेड सेंटर को निशाना बना कर गोले दागे जाने से ट्रेड सेंटर की इमारत को नुकसान पहुंचा था। जिसके बाद हालात को देखते हुए क्रास एसओसी ट्रेड कस्टोडियन फरीद अहमद कोहली ले अगले आदेश तक क्रास एलओसी ट्रेड स्थगित करने के आदेश जारी किए थे।