पुंछ। कुछ दिनों की खामोशी के बाद सोमवार देर रात को पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर गुलपुर एवं करमाडा सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। उसका भारतीय जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। देर रात समाचार लिखे जाने तक दोनों ओर से फायरिंग जारी थी।
पाकिस्तानी सेना ने रात 10:20 बजे पहले हल्के हथियारों से गोलीबारी शुरू की और बाद में मोर्टार से गोलाबारी शुरू कर दी। 10.20 बजे जिले के गुलपुर एवं करमाड़ा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के उस पार तैनात पाकिस्तानी सेना की 41 बलोच रेजिमेंट ने अपनी अग्रिम चौकियों बकरी 3, बकरीमेन और रामलो से भारतीय सेना की 15 मराठालाई रेजिमेंट की अग्रिम चौकियों चीता, नोल और सुसर के साथ रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाया। पहले मशीनगनों से गोलीबारी की और कुछ ही पलों के बाद बड़े हथियारों एवं मोर्टारों से गोलाबारी शुरू कर दी। दोतरफा गोलाबारी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों की रात की नींद उड़ गई।