पुंछ। मेंढर कस्बे में शुक्रवार देर रात को कुछ शरारती तत्वों ने दो दुकानों और दो कारों में आग लगा दी। इस घटना की जानकारी मिलने से कस्बे के लोगों विषेश कर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। वारदात के विरोध में गुस्साए लोगों ने शनिवार को मेंढर बाजार बंद कर रोष जताया। मामले की जानकारी मिलने पर पुंछ के डीसी राहुल यादव एवं एसएसपी रमेश अंगराल ने मौके पर पहुंच सभी समुदाय के लोगो के साथ बैठक की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति को संभाला।
गुस्साए लोग आग लगाने वालों को जल्दी से गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। डीसी और एसएसपी ने लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने का की अपील करते हुए भरोसा दिया कि जल्द ही माहौल बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों की शिनाख्त कर सजा दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब 12.30 बजे मेंढर कस्बे में अमित टंडन और शुभम गुप्ता की दुकानों और वहां से कुछ ही दूरी पर खड़ी मोहम्मद जुबेर और मोहम्मद एजाज की कारों को कुछ शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इससे दुकानों और कारों को काफी नुकसान पहुंचा। जानकारी लिने पर मेंढर पुलिस ने एसडीपीओ नीरज पंडयार की अगुवाई में मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और तुरंत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस बीच जब अल्पसंख्यकों की दुकानों को आग लगाने का पता कस्बे लोगों को लगा तो बड़ी संख्या में लोग हनुमान मंदिर प्रांगण में एकत्र हो गए और बाजार बंद रखने का फैसला किया। दोपहर को जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी मेंढर पहुंच गए।