पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील में पुंछ-जम्मू राजमार्ग पर पोठा बाईपास क्षेत्र में एक डीजल टैंकर (जेके 02 एवी 1925) मोड़ पर अनियंत्रित हो कर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में सह चालक तेजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार है। सूचना मिलते ही सैना की 156 टीए बटालियन की रोड आपरेशन पार्टी ने मौके पर पहुंच कर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। वहीं, पुलिस और फायर ब्रिगेड को बुला कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इससे बड़ा हादसा टल गया।