पुंछ। सुरनकोट तहसील मेें मुगलरोड पर बफलियाज के डांडी मोड़ पर देर शाम एक टाटा मैजिक टैंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत और चार अन्य घायल हुए हैं। घायलों को उपजिला अस्पताल सुरनकोट में भर्ती कराया गया। मृतक महिला की पहचान प्रवीन अख्तर (30) पत्नी कफील अहमद निवासी गांव तराड़ांवाली (सुरनकोट) के रूप में हुई है। घायलों में जमुरत खान (37) पुत्र फिरोज खान चालक निवासी बफलियाज, अब्दुल क्यूम (50) पुत्र अब्दुल अजीज निवासी सैलां, हिदायत खान (45) पुत्र सुलतान खान निवासी बफलियाज और मोहम्मद असलम (30) पुत्र इकबाल खान निवासी डोगरियां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम सवा छह बजे सुरनकोट तहसील मुख्यालय से एक टाटा मैजिक टैंपो (जेके 12 6674) मुगलरोड पर बफलियाज की तरफ जा रहा था। डोंडी मोड़ पर अनियंत्रित हो कर सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे में टैंपो सवार एक महिला की मौत और चार अन्य घायल हो गए। जानकारी मिलते ही आसपास लोगों ने घायलों को उपजिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया।