पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को भी जिले के मनकोट सेक्टर में दर्जनों गांवों को निशाना बना कर भारी गोलाबारी की। इस कारण सैकड़ों गोले घरों के आसपास गिरे, जिससे लोग दिनभर दहशत के कारण घरों में भूखे-प्यासे दुबके रहे।
मनकोट सेक्टर के बनलोई, दबराज, नाड़ मनकोट व चोई मनकोट आदि गांवों में रविवार को चूल्हे तक नहीं जल पाए। ग्रामीण मकसूद अहमद व आशिक हुसैन ने बताया कि सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर गोलाबारी शुरू कर दी। इस कारण बड़ी मुश्किल से जान बचा कर घरों में जा छिपे और देर शाम पांच बजे के बाद गोलाबारी कम होने पर ही बाहर निकल पाए। दिनभर जब भी गोले के फटने की आवाज आती तो ऐसे लगता था कि अब शायद बचना मुश्किल होगा। इस दौरान दो मवेशी मारे गए हैं औश्र दर्जनों घायल हुए हैं। पाकिस्तानी सेना जानबूझ कर रिहायशी इलाकों को निशाना बनाती है, ताकि ज्यादा नुकसान हो।