सांधर इलाके की रहने वाली जम्मू-कशमीर की पहली महिला बस चालक पूजा देवी का शनिवार को महानपुर और बसोहली में स्वागत किया गया। वह जम्मू से यात्री वाहन लेकर पहुंचीं थीं। बनी के लिए रवाना हुई बस दोपहर के समय जब महानपुर बियानी अड्डा पर पहुंची, तो स्थानीय सरपंच सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर सरपंच सोहन लाल गुप्ता ने कहा कि इस युग में महिला पुरुषों से कम नहीं हैं। इसका उदाहरण पूजा देवी हैं। इन्होंने बस चलाकर अहम संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि सभी को पूजा देवी से प्रेरणा लेना चाहिए। कुछ समय महानपुर रुकने के बाद पूजा देवी बसहोली-बनी के लिए रवाना हो र्गइं। बसोहली में बस अड्डे पर नगर कमेटी के अध्यक्ष सुमेश सपोलिया, उपाध्यक्ष अभिनव राजदान, बीडीसी चेयरमैन सुषमा जमबाल सहित पार्षदों व आम लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र के लिए गर्व की बात कही। एडीसी बसोहली ने पूजा देवी का मुंह मीठा कराते हुए उनकी प्रशंसा की। नगरोटा, शीतलनगर, थै, घघरोड, पूंडा, जीरो मोड़ आदि सथानों पर भी पूजा देवी को देखने के लिए भीड़ लगी रही।
पूजा देवी ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करना चाहिए। क्योंकि आज बेटियां हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग आज उनका सम्मान कर रहें है, उसी तरह अपनी बहु-बेटियों का भी सम्मान करें। पूजा देवी ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी यात्री वाहन लेकर वह अपने गृह क्षेत्र में पहुंचेंगी। उपजिले का ज्यादातर पहाड़ी इलाका है। नगर कमेटी के अध्यक्ष सुमेश सपोलिया ने कहा कि बसोहली की बेटी पूजा देवी ने पूरे जम्मू कश्मीर में बसोहली का नाम रोशन किया है।