कठुआ। सुमवां पंचायत के वार्ड एक में पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का शिष्टमंडल पीएचई विभाग के अधिकारियों के मिला। इस दौरान ग्रामीणों ने वार्ड में पेयजल सप्लाई दुरुस्त करने की मांग की। शिष्टमंडल में शामिल पूर्ण चंद व निशा देवी ने बताया कि वार्ड एक के बीस घरों में पेयजल सप्लाई के लिए कोई प्रबंध नहीं है, जिस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। वह लोग हैंडपंप से पानी ढोने को मजबूर हैं। गर्मी के इस मौसम में पानी की जरूरत ज्यादा रहती है। ऐसे में घर की औरतों को सारा दिन पानी भरने में ही निकल जाता है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में हैंडपंप का पानी भी पीने के लायक नहीं रहता। हालांकि ग्रामीणों ने विभाग से वार्ड में पानी की आपूर्ति करने की पहले भी मांग की है लेकिन विभाग के अधिकारियों ने पानी की आपूर्ति का बंदोबस्त करने कोई पहल नहीं की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समस्या का समाधान न किया गया तो वह आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।