दो महीने में केवल दो बार ही मिली वार्ड 2 के 50 से अधिक घरों को पेयजल सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड 2 के लोगों को पेयजल की किल्लत के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो महीने में केवल दो बार ही वार्ड 2 के 50 से अधिक घरों को पेयजल सप्लाई मिली है।
स्थानीय निवासी अनु देवी, अंबिका देवी, कुशला देवी, बीना देवी, सुनीता, शफी, शकूर और अशोक कुमार ने बताया कि उनके मोहल्ले में पेयजल सप्लाई पिछले कई दिनों से प्रभावित है। इससे गांव के लोगों को पेयजल के लिए लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार से संदर्भ में जल शक्ति विभाग को अवगत करवाया और समस्या के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उनके गांव के लिए लगाई गई पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है। इस कारण पाइपलाइन से पानी व्यर्थ बहता है और लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। उन्होंने बताया कि दो महीने में केवल दो बार ही उनके मोहल्ले में पेयजल सप्लाई की गई और पिछले एक सप्ताह से पेयजल सप्लाई नहीं हुई है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नगर कमेटी के वार्ड दो में पेयजल सप्लाई बहाल की जाए, इससे गांव की 300 से अधिक आबादी को पेयजल की किल्लत से न जूझना पड़े।