कठुआ। राजबाग थाना क्षेत्र के ब्लासा खू में पुलिस नाके को चकमा देकर फरार होने वाले पशु तस्करों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तस्करी में प्रयुक्त दो वाहनों को जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 10 मवेशियों को मुक्त कराया गया है। राजबाग पुलिस की ब्लासा खू में नाका लगया हुआ था। रविवार की दोपहर बंधोर से मथुर चक की ओर आ रही स्कॉर्पियो व एक अन्य लोड कैरियर को नाके पर तैनात पुलिस पार्टी को रुकने का इशारा किया लेकिन दोनों ही वाहन के चालक पुलिस का नाका देखने के बाद वाहन को लेकर वहां से फरार हो गए। मरीन पुलिस चौकी के प्रभारी विकास शर्मा और उनकी टीम ने उनका पीछा किया और दोनों ही वाहन को उन्होंने बटठल चक में घेर लिया। इस दौरान दोनों ही वाहनों में सवार लोग मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान एक वाहन में 7 मवेशी और दूसरे में 3 मवेशी मिले हैं। जिसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर अपनी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।