कठुआ। उड़न सिख मिल्खा सिंह के निधन पर खेल प्रेमियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। रविवार को कठुआ डिस्टेंस रनर्स ने दौड़ लगाकर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। कठुआ साइकिल क्लब के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर सरदार मिल्खा सिंह को याद किया। कठुआ डिस्टेंस रनर्स के वरिष्ठ सदस्य सिंधू शर्मा ने कहा कि चार बार एशियन गेम्स और 1958 के कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले मिल्खा सिंह ने 1960 में रोम में 400 मीटर की दौड़ में शानदार प्रदर्शन करके कीर्तिमान स्थापित किया। अपने खेल के माध्यम से देश को गौरव बढ़ाने वाले मिल्खा सिंह को उनकी उपलब्धियों के कारण पद्मश्री के खिताब से नवाजा गया। उनका निधन खेल जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति है। उन्होंने बताया कि आज का दिन उनके क्लब के साथ जुडे़ युवाओं ने सरदार मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी निर्मल कौर को समर्पित करते हुए सुबह दस किलोमीटर दौड़ लगाई है। शाम को कठुआ साइकिल क्लब के सदस्यों ने कठुआ से कीड़ियां गंडयाल के बीच बीस किलोमीटर की साइकिलिंग कर देश के गौरव को अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है।