सीमावर्ती जिलों के स्कूल मंगलवार को भी रहेंगे बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भारत पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने और गोलाबारी के बीच सीमावर्ती जिलों के स्कूल मंगलवार को भी बंद रहेंगे। हालात को देखते हुए स्कूलों ने एक बार फिर ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। बच्चों की शिक्षा को प्रभावित होने से रोकने के लिए ज्यादातर निजी स्कूलों ने टाइमटेबल तैयार करते हुए कक्षाएं सोमवार से शुरू कर दी।
कई स्कूलों में मंगलवार को ऑनलाइन कक्षाएं लगाई जाएंगी। इससे पहले कोरोना महामारी के समय कई महीनों तक ऑनलाइन कक्षाओं का ही दौर चला था। कठुआ शहर के कई स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं शुरू होने के साथ ही बच्चाें ने सोमवार को सत्र की पहली ऑनलाइन कक्षा भी लगाई। छात्र सोहित, वरूण, केशव और अंकित ने बताया कि उनके स्कूल ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू की हैं। वह अपने दोस्तों से मिलना मिस कर रहे हैं, लेकिन जैसे हालात बने हुए हैं। इनमें कक्षाएं और पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए स्कूलों ने कक्षाएं शुरू कर दी हैं। कोरोना काल के बाद उन्हें दूसरी बार ऐसे कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं।