त्योहारी सीजन में मिलावटी पनीर की बिक्री बढ़ने के चलते पुलिस ने संदेह के आधार पर 40 किलो पनीर को जब्त किया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाद में प्राथमिक जांच के बाद छोड़ दिया। वहीं पनीर के सैंपल को जांच के लिए क्षेत्रीय लैब में भेज दिया है।
बुधवार की सुबह शहर के पारलीवंड इलाके में एक यात्री वाहन से पनीर के खेप को एक दुकान पर उतारा जा रहा था। सूचना के बाद पुलिस ने पनीर को जब्त कर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को दी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्राथमिक जांच में जब्त पनीर को ठीक पायाए जिसके बाद उसे उसके मालिक को सौंप दिया गया। सूत्रों के अनुसार इस पनीर को पंजाब के पठानकोट से शहर में बेचने के लिए लाया गया था। खाद्य विभाग की टीम ने पाया कि खाद्य सामग्री को यात्री वाहन में परिवहन करना गैरकानूनी है और उस पर जुर्माना लगाते हुए पनीर को उसके मालिक को दे दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राज कुमार ने बताया कि मोबाइल लैब में जांच के बाद पनीर का सैंपल क्षेत्रीय लैब में भी जांच के लिए भेजा गया है।