भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुई दियाला चक-बिलावर सड़क को सीमित रूप से मालवाहन के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, प्रशासन ने इस मार्ग पर चलने वाले वाहनों के लिए वजन सीमा निर्धारित की है। 18 से 20 टन भार वाले बड़े मालवाहनों को अभी भी इस रूट पर चलने की अनुमति नहीं दी गई है। जानकारी के अनुसार, हाईवे को धार रोड से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर अभी भी मरम्मत का कार्य जारी है। जगह-जगह हुए भूस्खलनों ने सड़क को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है। बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा सड़क की मरम्मत दिन-रात की जा रही है ताकि यातायात जल्द सामान्य हो सके।
शनिवार को सीमित वजन वाले मालवाहनों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी गई, जबकि भारी वाहनों को सल्लन में ही रोक दिया गया। इससे बड़े वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वे लगातार स्थानीय प्रशासन और सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही मरम्मत कार्य पूरा होगा और मार्ग सुरक्षित घोषित किया जाएगा, भारी मालवाहनों की आवाजाही भी बहाल कर दी जाएगी।