कठुआ। जिला में डेंगू के मामलों की संख्या स्थिर बनी हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार वीरवार को कोई नया मामला दर्ज नहीं हुआ। इसके कारण अब तक कुल 34 डेंगू पॉजिटिव मामले स्थिर बने हुए है।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में 17 सक्रिय मामले हैं जबकि 16 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि एक मरीज बेहतर उपचार के लिए जम्मू कश्मीर से बाहर गया है। वहीं, गत दिवस शहर के वार्ड नंबर 13 में एक मरीज की पहचान के बाद उसके घर के आसपास 54 घरों में एंटी लारवा दवा का स्प्रे किया गया।
इस बारे में जिला मलेरिया अधिकारी सोहन लाल ने बताया कि जिले के विभिन्न ब्लॉकों में मलेरिया की रोकथाम के लिए कुल 236 घरों और 269 कंटेनरों की जांच में 20 घर और 26 कंटेनर मच्छरों के लारवा पाए गए है। इसमें अधिकतर मामले में बसोहली ब्लॉक से है। यह रिपोर्ट जिला विकास आयुक्त और राज्य मलेरियोलॉजिस्ट को भेजी गई है।