कठुआ। स्वस्थ जीवन के लिए उचित आहार के प्रति आम जनता में जागरूकता फैलाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर में वॉकथॉन और ईट राइट मेले का आयोजन किया। इस मौके पर उपायुक्त राहुल पांडेय ने झंडी दिखाकर शहीदी चौक से वॉकथॉन को रवाना किया। शहीदी चौक से शुरू हुई वॉकथॉन राम लीला मैदान में संपन्न हुई। इस दौरान वॉकथॉन में शामिल विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने आम लोगों को उचित खान पान के प्रति जागरूक किया। साथ ही विद्यार्थियों ने बताया कि खानपान का सभी लोग ख्याल रखें, तभी रहेंगे स्वस्थ और खुशहाल रहेंगे।
कार्यक्रम में ईट राइट मेले का भी आयोजन किया गया। रामलीला मैदान में आयोजित मेले का उद्घाटन एडीसी अतुल गुप्ता ने किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस अवसर पर एडीसी कठुआ ने विभिन्न विभागों जैसे बागवानी, कृषि, आईसीडीएस के अलावा सहकारी समितियों द्वारा स्थापित स्टालों का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में एडीसी ने लोगों से पैक किए गए खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट की जांच करने की अपील की। उन्होंने लोगों से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि उनके द्वारा खरीदे गए खाद्य पदार्थ भारत सरकार द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों को पूरा करते हों। वहीं इस मौके पर आजादी का अमृत महोत्सव के तहत छात्रों के लिए एक योग प्रशिक्षण सत्र और राइट ईट थीम पर एक ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। एडीसी ने ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र और पदक दिए। साथ ही सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता बनाए रखने के लिए रेस्तरां, होटल, मिठाई की दुकानों जैसे खाद्य प्रतिष्ठानों को प्रमाण पत्र भी दिए। समारोह में मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस और संबंधित विभागों के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।