संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट में विद्यार्थियों ने स्वच्छता, सेवा और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भाषण, लघु नाटिका, स्वच्छता शपथ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, योगदान और आदर्शों को सामने रखा। समारोह का शुभारंभ महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत आयोजित विशेष सभा में विद्यार्थियों ने सारगर्भित भाषणों, प्रेरक कविताओं और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राष्ट्र निर्माण में दोनों महापुरुषों के अतुलनीय योगदान को याद किया। इसके बाद स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। वहीं स्कूल के एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट्स एंड गाइड्स ने शिक्षकों के साथ स्कूल से जंगलोट मोड़ तक जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता से जुड़े संदेश दिए। इसके बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को कचरे का उचित निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान केवल स्कूल परिसर तक सीमित नहीं रहा। स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. विशाखा शर्मा ने विद्यार्थियों और स्टाफ की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महापुरुषों को याद करने का वास्तविक अर्थ उनके आदर्शों को जीवन में उतारना है। ताकि हम उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।