बिलावर। कुंड गांव में आयोजित वार्षिक दंगल में पंजाब मलेरकोटला के रजाक पहलवान ने स्थानीय इलाके के फिजा पहलवान को पटखनी देकर दंगल पर कब्जा जमा लिया।
दंगल का शुभारंभ स्थानीय इलाके के वरिष्ठ नागरिकों और दंगल कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया। दंगल में जम्मू कश्मीर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 90 कुश्तियां करवाई गईं। छोटी माली का मुकाबला बग्गन के राकेश पहलवान और पंजाब मलेरकोटला के रुस्तम अली के बीच हुआ। इसमें राकेश ने सवारी दांव लगाकर अपने प्रतिद्वंदी को पटखनी दी और छोटी माली अपने नाम कर ली। बड़ी माली का मुकाबला पंजाब मलेरकोटला के रजाक पहलवान और लोहाई मल्हार इलाके के फिजा पहलवान के बीच हुआ। रजाक पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को सांडीतोड़ दांव लगाकर पराजित करके बड़ी माली अपने नाम कर ली। बड़ी माली लड़ने वाले दोनों पहलवानों को दंगल कमेटी की ओर से 21000 रुपये की नकद राशि पुरस्कार के तौर पर दी गई, वहीं छोटी माली के विजेता और उप विजेता रहे पहलवानों को 11000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। दंगल स्थल के पास विशाल मेले का आयोजन भी हुआ, जिसमें लोगों ने कई प्रकार की खरीदारी की।