बिलावर। सुकराला गांव में शुक्रवार को आयोजित वार्षिक दंगल में फिंतर के अखिल पहलवान ने बग्गन के राकेश पहलवान को टंगी दांव लगाकर सुकराला का दंगल अपने नाम कर लिया।
दंगल का शुभारंभ शाम पांच बजे दंगल कमेटी के सदस्यों ने किया। इस दौरान जम्मू कश्मीर के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब और हरियाणा के कई पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 50 कुश्तियां करवाई गईं। छोटी माली का मुकाबला बनहोड के जावेद पहलवान और हरियाणा के राजू पहलवान के बीच हुआ, जिसमें जावेद पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पटकनी देकर छोटी माली अपने नाम कर ली। छोटी माली और बड़ी माली के विजेता और उपविजेता रहे पहलवानों को दंगल कमेटी की ओर से नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सतीश शर्मा, राकेश, रमाकांत, आविष्कार, हंसराज, सृष्टि शर्मा और दंगल कमेटी के कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। बता दें कि पिछले एक महीने से इलाके में आयोजित किए जाने वाले वार्षिक दंगलों का सुकराला दंगल के बाद समापन हो गया।