बिलावर। परनाला गांव में बुधवार को आयोजित किए गए वार्षिक दंगल में जम्मू के लालू पहलवान ने बिलावर उप मंडल के लोहाई मल्हार के फिजा पहलवान को मुल्तानी दांव लगाकर बड़ी माली पर कब्जा जमा लिया।
दंगल का शुभारंभ दंगल कमेटी के सदस्यों ने शाम 4:30 बजे संयुक्त रूप से किया। इस दौरान जम्मू कश्मीर प्रदेश के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 80 कुश्तियां करवाई गईं। छोटी माली के मुकाबले में रियासी के अनिल पहलवान ने बिलावर उपमंडल के बग्गन इलाके के राकेश पहलवान को टंगी दांव लगाकर चित करके छोटी माली अपने नाम कर ली। दंगल कमेटी की ओर से बड़ी माली और छोटी माली के विजेता और व उपविजेता रहे पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सेरेमुनी, पलेल, बनहोड, धरालता, बिलावर फिंतर और महानपुर आदि इलाकों के कई कुश्ती प्रेमियों ने दंगल की शोभा बढ़ाई और दंगल में मल युद्ध करने वाले पहलवानों की हौसला अफजाई की। दंगल स्थल के पास मेले का आयोजन हुआ, जिसमें कई लोगों ने कई प्रकार की खरीदारी की। इस मौके पर पूर्व सरपंच वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार गुप्ता, योगराज, दीप कुमार शर्मा और दंगल कमेटी के अन्य कई सदस्य मौजूद रहे।