कठुआ। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पैरा शूटिंग प्रतियोगिता में पदक जीत लौटे सूबेदार संजीव सिंह बिलौरिया का कठुआ पहुंचने पर बरवाल एथलीट क्लब की ओर से स्वागत किया गया। बरवाल के रहने वाले सूबेदार संजीव सिंह बिलौरिया ने भारतीय पैरालंपिक कमेटी द्वारा नई दिल्ली में आयोजित चौथी राष्ट्रीय पैरा शूटिंग प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता है। बरवाल एथलीट क्लब के अध्यक्ष रंजीत सिंह पठानिया ने कहा कि सूबेदार संजीव सिंह बिलौरिया ने 10 मीटर शूटिंग में स्वर्ण और 25 मीटर शूटिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत कर केवल बरवाल ही नहीं, कठुआ के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सूबेदार संजीव सिंह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, शूटर संजीव सिंह ने कहा कि वह सेवानिवृत्ति के बाद भी खेल के इस क्रम को जारी रखेंगे और बरवाल एथलीट क्लब कठुआ की तरह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर युवाओं को प्रशिक्षित कर स्वास्थ्य और देशभक्ति की भावना से प्रेरित करेंगे। बरवाल एथलीट क्लब कठुआ के अध्यक्ष रंजीत सिंह पठानिया ने कहा कि वे हमेशा देश और अपने क्षेत्र के एथलीटों का हौसला बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि बरवाल एथलीट क्लब जसरोटा और कठुआ निर्वाचन क्षेत्र को केवल जम्मू ही नहीं, देश में नंबर 1 बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।