कठुआ। जिला पुलिस की ओर से रविवार को शहर में चौथी कठुआ हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए विभिन्न राज्यों ही नहीं, बल्कि विदेश से भी धावक पहुंचे हैं। शनिवार को कीनिया से आए धावक चिट्रियोटो ने रजिस्ट्रेशन करवाई और मैराथन में हिस्सा लेने की इच्छा जताई। बरवाल एथलीट क्लब के चेयरमैन रंजीत सिंह पठानिया ने बताया कि चिट्रियोटो विशेष तौर पर कीनिया से इस मैराथन का हिस्सा बनने पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश के धावकों ने भी रजिस्ट्रेशन करवाई है। उन्होंने बताया कि हाफ मैराथन में अब तक 750 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाई है। इसके अलावा रन फॉर फन के लिए भी 450 आवेदन आए हैं। शनिवार को कठुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचे चिट्रियाटो को एडिशनल एसपी परमजीत सिंह, डीएसपी मुख्यालय मनजीत सिंह व रंजीत सिंह पठानिया ने मैराथन में पहनने वाली टी-शर्ट दी। एडिशनल एसपी परमजीत सिंह ने बताया कि पहले चरण में पुरुषों की 21.1 किमी. मैराथन होगी। जोकि, सुबह साढ़े 5 बजे शुरु होगी। इसमें भी दो वर्ग होंगे। पहला वर्ग ग्रुप 18 से 40 वर्ष के लोगों का होगा, जबकि, दूसरा वर्ग 40 वर्ष से ऊपर के लोगों का। दोनों वर्गों में जीतने वाले को 15 हजार नकद, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 10 हजार और तीसरे स्थान आए धावक को 7 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 5:45 पर 10 किमी. महिला और पुरुषों के वर्ग मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग के मुकाबले 18-40 आयु वर्ग और महिलाओं की स्पर्धा में हर आयु वर्ग की महिला भाग ले सकेगी। इसमें भी विजेता को 10 हजार, उपविजेता को 7 हजार एवं तीसरे स्थान पर आए धावक को 5 हजार नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके बाद 6 बजे रन फॉर फन का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोई मुकाबला नहीं होगा और न ही किसी को कोई इनाम मिलेगा।