बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मैच में एसएसपी इलेवन कठुआ की टीम ने सुखदेव क्रिकेट अकादमी जम्मू को एक विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। सुखदेव क्रिकेट अकादमी के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और टीम निर्धारित 20 ओवर के मैच में अंतिम ओवर में 117 बनाकर ऑल आउट हो गई। सुखदेव क्रिकेट अकादमी के बल्लेबाज अर्जुन ने सर्वाधिक 29 रनों का योगदान दिया। एसएसपी इलेवन कठुआ के गेंदबाज अंकुश ने तीन, अनुभव ने दो और इश्तियाक ने दो विकेट हासिल किए। निर्धारित 118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएसपी इलेवन कठुआ के बल्लेबाजों ने 19वें ओवर में नौ विकेट गंवाकर निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। एसएसपी कठुआ इलेवन के बल्लेबाज गोकुल गुप्ता ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। वहीं अनुभव ने 10 रनों का योगदान दिया। सुखदेव क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज आर्यन ने तीन, अयूब ने दो और सिद्धार्थ ने दो विकेट हासिल किए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एसएसपी इलेवन कठुआ के बल्लेबाज गोकुल गुप्ता ने 69 रन बनाए। इसकी बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि बुधवार को हेल्थ टीम बिलावर और किशनपुर की टीमों के बीच मैच खेला जाएगा।