बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को खेले गए मैच में बनखंडी क्रिकेट क्लब महानपुर ने मलिक क्रिकेट क्लब फिंतर को 6 विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। मलिक क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और प्रतिद्वंदी टीम को क्षेत्र रक्षण करने को कहा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मलिक क्रिकेट क्लब की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 153 बनाए। मलिक क्रिकेट क्लब के बल्लेबाज दानिश ने सर्वाधिक 49 रनों का योगदान दिया, वहीं सालिक मलिक ने 27 और अनीश मलिक ने 19 रन बनाए। वहीं बनखंडी क्रिकेट क्लब के गेंदबाज मनोज सिंह ने तीन और दमन ने दो विकेट चटकाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनखंडी क्रिकेट क्लब महानपुर के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19वें ओवर में चार विकेट गंवाकर निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। महानपुर के बल्लेबाज दमन ने सर्वाधिक 70 बनाए, वहीं मनोज सिंह ने 32 रनों का योगदान दिया। मलिक क्रिकेट क्लब के गेंदबाज आमिर खान ने एक, इनायत ने एक और सालिक मलिक ने एक विकेट हासिल किया। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले महानपुर के खिलाड़ी दमन ने 70 रन बनाए और दो विकेट लिए। इसकी बदौलत उनको मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।