बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में मंडली की टीम ने सत्य मॉडल बिलावर की टीम को शिकस्त दी। वहीं, दूसरे मैच में डीसीसी देवल ने टंगोंड की टीम को हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
पहला मैच मंडली और सत्य मॉडल बिलावर के बीच खेला गया, जिसमें सत्य मॉडल की टीम ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया और मंडली की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 10 ओवर के मैच में मंडली की टीम के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट गंवाकर 126 रन बनाए। मंडली के बल्लेबाज जानू ने सर्वाधिक 53 रन का योगदान दिया। 127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सत्य मॉडल की टीम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम नौवें ओवर में 61 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मंडली ने 65 रन से मैच जीत कर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। मंडली के बल्लेबाज जानू को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उधर दूसरा मैच डीसीसी देवल और टगोंड की टीम के बीच खेला गया। इसमें देवल की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवर के मैच में देवल की टीम ने तीन विकेट गंवाकर 128 रन बनाए। देवल के बल्लेबाज निखिल ने सर्वाधिक 70 रन का योगदान दिया। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टगोंड की टीम 10वें ओवर में मात्र 89 रन बनाकर सिमट गई। देवल की टीम ने 39 रन से मैच जीतकर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली। देवल के खिलाड़ी निखिल के 3 विकेट और 30 रन की बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजक बीबू, कुलदीप, सौरव और पंकज ने बताया कि सोमवार को क्रिकेट प्रतियोगिता जारी रहेगी ओर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच 30 दिसंबर को खेला जाएगा।