बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मैच में मुन्ना क्रिकेट क्लब बिलावर ने पठानिया क्रिकेट क्लब रामकोट को आठ विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। पठानिया क्रिकेट क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर के मैच में टीम अंतिम ओवर में 121 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पठानिया क्रिकेट क्लब के बल्लेबाज रणजीत सिंह ने 23, विश्व राजपूत ने 22 और रंजीत ने 15 रन बनाए, वहीं मुन्ना क्रिकेट क्लब बिलावर के गेंदबाज करण ने तीन, अर्जुन ने दो और असीम ने तीन विकेट हासिल किए। 122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुन्ना इलेवन बिलावर की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10वें ओवर में दो विकेट गंवाकर निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर आठ विकेट से मैच जीत लिया। टीम के बल्लेबाज भोला ने नबाद 43 रनों की पारी खेली। वहीं साहिल शर्मा ने 30 रन बनाए। पठानिया क्रिकेट क्लब रामकोट के गेंदबाज सचिन ने एक और मोहित ने एक विकेट हासिल किया। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी करण को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि सोमवार को प्रतियोगिता में सुखदेव क्रिकेट क्लब जम्मू और अमन क्रिकेट क्लब बिलावर के बीच मैच खेला जाएगा।