बिलावर। कस्बे के नाज खेल मैदान में जारी बिलावर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को खेले गए मैच में धर्मकोट की टीम ने यूनाइटेड क्रिकेट क्लब जम्मू को पांच विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। यूनाइटेड क्रिकेट क्लब जम्मू ने टाॅस जीत कर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 16 ओवर में जम्मू की टीम ने नौ विकेट गंवाकर 103 रन बनाए। जम्मू के बल्लेबाज अब्दुल ने 27 और आकाश ने सर्वाधिक 17 रनों का योगदान दिया, वहीं धर्मकोट के गेंदबाज आदित्य ने तीन विकेट और कुश ने दो विकेट हासिल किए। 104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी धर्मकोट की टीम ने निर्धारित लक्ष्य को 15 में ओवर में पांच विकेट गंवाकर पूरा कर लिया। धर्मकोट के बल्लेबाज कृष शर्मा ने 53 रनों की महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं विशाल ने 20 रन बनाए। जम्मू के गेंदबाज कपिल ने दो, आवेश ने दो और अब्दुल ने एक विकेट हासिल किया। धर्मकोट के बल्लेबाज कृष शर्मा ने मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि अगर सोमवार को मौसम साफ रहता है तो क्रिकेट प्रतियोगिता जारी रहेगी।