कठुआ। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से इंटर स्कूल जोन खेलों का मंगलवार को जिले भर में आगाज किया गया। कठुआ में आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट में खेल विभाग के अधिकारी सुनील कुमार ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया। इसमें अलग-अलग स्पर्धाओं में जोन के 600 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मंगलवार को खो खो, वॉलीबाल, क्रिकेट, चेस और कैरम बोर्ड के मुकाबले करवाए गए। अंडर-14 कबड्डी का पहला मैच एपीएस जंगलोट और आरएस जागृति निकेतन स्कूल (आरएसजेएन) कठुआ के बीच खेला गया। इसमें आरएसजेएन की टीम विजयी रही। खो खो में मिडिल स्कूल नगरी ने मिडिल स्कूल जखबड़ को हराया। वॉलीबाल में मिडिल स्कूल सैदपुर ने एपीएस जंगलोट के खिलाड़ियों को शिकस्त दी। अंडर-17 कबड्डी के मुकाबले में हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ (बाल) ने हाई स्कूल खोखयाल की टीम को हराया। अंडर-17 खो-खो का मैच हाई स्कूल भेड़ बालोड़ और माउंट लिट्रा स्कूल कठुआ के बीच हुआ, जिसमें हाई स्कूल भेड़ बलोड़ की टीम ने जीत दर्ज की। वॉलीबॉल में हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ की टीम ने एपीएस जंगलोट की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।