बिलावर। उपजिला अस्पताल बिलावर की ओपीडी कक्ष से शनिवार को चार डॉक्टरों के गायब रहने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए बीएमओ बिलावर ने गैरहाजिर सभी चार डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शनिवार को बीएमओ बिलावर डॉ. गंगाराम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। सुबह 11 बजे अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चार डॉक्टर ओपीडी में नहीं मिले। ड्यूटी से नदारद रहने पर बीएमओ ने डॉक्टरों से जवाब तलब किया है। शनिवार सुबह 10 बजे के बाद ओपीडी कक्ष के बाहर डॉक्टरों के आने का इंतजार कर रहे मरीजों और उनके तीमारदारों ने बताया कि ओपीडी से अक्सर डॉक्टर गायब रहते हैं। इससे दूरदराज के इलाकों से अस्पताल में आने वाले मरीजों का समय पर इलाज नहीं हो पाता है। मरीजों और तीमारदारों ने इसकी जानकारी बीएमओ को दी। इसके बाद लोगों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए बीएमओ ने अस्पताल में तैनात डॉक्टर तालिब हुसैन, डॉक्टर सुरेंद्र कुमार, डॉ. सौरभ अग्रांल, डॉक्टर संजीव भारती को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही 2 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। बीएमओ ने बताया कि जवाब नहीं मिलने पर सभी 4 डॉक्टरों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।