चक नथल के एक क्वांरटीन सेंटर में तैनात सुरक्षाकर्मी।
- फोटो : AMAR UJALA
हीरानगर। सबडिवीजन की पंचायत चक नथल के एक क्वांरटीन सेंटर से फरार तीन युवकों की तलाश में पुलिस दूसरे दिन भी जुटी रही। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार भागे तीनों युवकों के खिलाफ चोरी, बीमारी फैलाने, जिला मैजिस्ट्रेट के आदेशों की अवहेलना और क्वांरटीन से भागने का मामला दर्ज कर लिया गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले के संदर्भ में पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों ने यह जानकारी भी दी कि यह तीनों युवक पेशेवर चोर हैं। इनके खिलाफ पंजाब में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि यह चोरी करने की नियत से ही लोगों में घुसे और क्वांरटीन सेंटर तक पहुंचे। हालांकि सच्चाई तब ही सामने आएगी जब पुलिस इन्हें पकड़ने में सफल होगी। धारा 188,270,271,379 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर पुलिस इन युवकों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इन्हें पकड़ने में सफलता मिलेगी। ज्ञात रहे कि 30 मार्च को लखनपुर से इन युवकों को इस क्वांरटीन सेंटर में लाया गया था। शनिवार को आधी रात के बाद यह तीनों युवक यहां से भाग निकले। यहां से यह एक लैपटॉप, दो मोबाइल और हजारों की नगदी चोरी कर ले गए।