-भारी बारिश से सड़क पर आ गई थी दरारें, पंजाब से होकर कठुआ आ रहे थे लोग
-दन्नी में सड़क की मरम्मत कर यातायात किया गया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। डेढ़ महीने के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार महानपुर के रास्ते बसोहली का संपर्क बहाल हो गया है। शुक्रवार शाम को बस और अन्य भारी वाहनों के दन्नी इलाके से गुजरने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। यह मार्ग अगस्त माह के पहले सप्ताह से ही बंद पड़ा था। भारी बारिश से सड़क के मध्य गहरी दरारें पड़ गई थीं और एक बड़ा हिस्सा धंस गया था। इससे सबडिवीजन बसोहली और बनी की करीब ढाई लाख आबादी परेशान थी।
सड़क को बहाल करने के लगातार प्रयास विफल रहे थे। इससे बसोहली और बनी सब डिवीजन का जिला मुख्यालय कठुआ से सीधा संपर्क टूट गया था। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और लोगों की आवाजाही पंजाब के दुनेरा मार्ग से हो रही थी। कठुआ से बसोहली जाने के लिए यही एकमात्र विकल्प बचा था।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क धंसने की घटनाएं थम नहीं रही थीं। वहीं मरम्मत कार्यों के दौरान डाला गया मलबा कीचड़ में तब्दील हो गया था जिससे स्थानीय लोगों और स्कूल जाने वाले शिक्षकों को पैदल ही कीचड़ भरे रास्ते पार करने पड़ रहे थे। स्थिति इतनी विकट थी कि बाइक को कीचड़ से पार करवाने के लिए लोगों से 200 रुपये प्रति वाहन तक वसूले जा रहे थे।
बिलावर जाने वाले लोगों का सफर हुआ कम
अब मार्ग बहाल होने के बाद बसोहली का सीधा संपर्क कठुआ मुख्यालय से फिर से जुड़ गया है। साथ ही बिलावर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी राहत मिली है। उन्हें अब पंजाब के रास्ते पहले कठुआ फिर दियालाचक से होते हुए बिलावर नहीं जाना होगा। ऐसे में बिलावर की ओर जाने वाले लोगों का सफर तीन गुणा कम हो जाएगा।