किशनपुर गांव में आयोजित रामलीला में मंगलवार की लंका दहन के बाद समुद्र को पार करने का मंचन किया गया। इसमें श्रीराम के क्रोध से समुद्र कांपने लगता है और क्षमा मांगता है। इसके बाद समुद्र के सुझाव पर सेतु तैयार किया जाता है और राम की सेना समुद्र पार पहुंच जाती है। उधर रावण यह सुनकर थोड़ा चिंतित होता है लेकिन दूसरे ही पल वह अट्टहास करता है और लंका की सेना को युद्ध के लिए तैयार करता है। रावण के पुत्र मेघनाथ और लक्ष्मण में युद्ध होता है, जिसमें ब्रह्मास्त्र चलाकर वह लक्ष्मण को मुर्छित कर देता है। राम की सेना में शोक छा जाता है। हनुमान सुषेण वैद्य के सुझाव पर संजीवनी बूटी लाते हैं। इसके बाद लक्ष्मण के ठीक होने का मंचन देख दर्शक प्रफुल्लित होते हैं।