कठुआ/बसोहली। जिले में रविवार को अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। इस दौरान शहर में 22 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे जहां मुख्य बाजार की गलियों में जलभराव हुआ। वहीं जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच हाईवे की सर्विसलेन हटली मोड़ के नजदीक पानी की निकासी न होने से प्रभावित रही।
रविवार दोपहर 12 बजे के लगभग मैदानी इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ। दोपहर एक बजे तक कठुआ शहर के पारलीवंड, हटली मोड़ और मुख्य बाजार के हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुछ देर की ही बारिश ने शहर के मुख्य बाजार की गलियों को जलमग्न कर दिया। दुकानदार पानी की निकासी करते रहे। वहीं जलभराव के कारण राहगीरों को परेशानी हुई। सड़क किनारे फेंके जाने वाले कचरे ने गलियों में डीप ड्रेन को भी बंद कर दिया। इसके बाद दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानों के सामने से डीप ड्रेन से कचरे को हटाकर पानी की निकासी करने का प्रयास किया। जम्मू पठानकोट नेशनल हाईवे पर लायंस क्लब लेन के बाहर एक बार फिर तालाब जैसे हालात रहे। बारिश से हाईवे की सर्विसलेन पूरी तरह से जलमग्न हो गई और कई छोटे वाहन इसमें फंस गए। दोपहिया वाहन चालकों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उधर, बारिश के चलते दोपहर तक बाजार में ज्यादा रौनक भी नहीं देखी गई। बसोहली के शाहरा से माशका सड़क भूस्खलन के कारण बीते एक सप्ताह से बंद है। 12 बजे के बाद बसोहली नगर के रामलीला ग्राउंड वाली लाइन में बिजली गुल हो गई, जो दोपहर बाद तक बहाल नहीं हो सकी है। बिजली विभाग के जेई सुरजीत चौहान ने बताया कि बस अड्डे के नजदीक स्थित एचडीएफसी बैंक की केबल जल गई थी, जिसे ठीक किया गया है। रामलीला ग्राउंड के नजदीक वाली लाइन को बंद रखा गया है। जली हुई केबल को उतारकर लाइन को दुरुस्त किया जाएगा। उसके बाद बिजली बहाल कर दी जाएगी।