बसोहली। उत्तरप्रदेश के हाथरस की घटना को लेकर शुक्रवार को बसोहली के युवाओं और पार्षदों ने सड़कों पर उतरकर घटना की निंदा करते हुए रोष व्यक्त किया। पार्षद जाकिर हुसैन ,अनिल बसोत्रा, विशाल पडवाल, नगर कमेटी के उपाध्यक्ष अभिनव राजदान, पार्षद जगजीत सिंह ,युवा वर्ग भूषण कुमार, किशोरी लाल, रामलाल, दविंद्र कुमार आदि लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के पास एकत्रित हुए। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रशासन व योगी सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर रोष जताया। हाथों में हाथरस की एक घटना के विरोध में लिखी तख्तियां लेकर रोष जताया गया, यहां से लोग मुख्य बाजार की तरफ रवाना हुए। जुलूस मुख्य बाजार और रामलीला मैदान से होते हुए वापस बसोहली बस अड्डे पहुंचकर संपन्न हुआ। बसोहली थाने के समक्ष एकत्रित होकर रैली में शामिल लोगों ने हाथरस की बेटी को न्याय दिलाने के लिए आवाज बुलंद की और मोमबत्तियां जलाकर उसे श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उत्तर प्रदेश प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि रात के अंधेरे में बेटी का अंतिम संस्कार कर प्रशासन ने बहुत गलत किया है। उन्होंने इस मसले पर उचित कार्यवाही कर न्याय की मांग की है। संवाद