लखनपुर बार्डर को आम लोगों की आवाजाही के लिए खोले जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते पैंथर्स पार्ट
- फोटो : KATHUA
कठुआ। कोरोना महामारी के कारण जम्मू-कश्मीर में प्रवेश पर लगी रोक के विरोध में पैंथर्स पार्टी ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे जिला प्रधान रोबिन शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और पंजाब की सीमा से सटे कठुआ जिले में काफी संख्या में ऐसे लोग हैं, जो रोजगार के लिए पंजाब जाते हैं। कुछ इसी तरह के हालात पंजाब के लोगों का है, जिनके रोजगार कठुआ में या यहां पर स्थापित औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से चलते हैं। पिछले सात महीने से कोरोना वायरस के नाम पर पड़ोसी राज्य से आवाजाही पर लगी पाबंदी ने दोनों ओर के हजारों परिवारों पर संकट डाल दिया है। लोगों का रोजगार छिन गया है, इनकी सुध लेने वाला कोई नही है। उन्होंने कहा कि एक और केंद्र सरकार अंतरराज्यीय आवागमन को बहाल करने की बात करती है, लेकिन उसी के अंतर्गत आने वाले जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में प्रवेश के लिए लगी पाबंदी उनके ही नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। 370 हटने के बाद भी प्रदेश में अफसरशाही का दौर चल रहा है। प्रदर्शन में सुरेश गुप्ता, गुर प्रसाद, डिंपल सिंह सुरेश शर्मा सहित काफी संख्या में लोग शामिल रहे।