हीरानगर। चड़वाल में हाईवे पर पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव से वाहन चालकों और राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जा रहा है। वीरवार को युवाओं ने हाईवे पर जमा पानी के बीच धान लगाकर नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हुई तो धान के साथ-साथ यहां मछली पालन भी शुरू करना पड़ेगा। बॉर्डर डीएसपी के कार्यालय के पास पानी में डूबी सड़क के किनारे धान की पनीरी रोपने के बाद युवाओं ने नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल रोमी शर्मा, जगदीप शर्मा ने बताया कि हल्की बारिश होने पर भी हाईवे तालाब बन जाता है। लोगों के खेतों और दुकानों में पानी घुस रहा है। एनएचएआई की लापरवाही से वाहन चालक व राहगीर परेशान हैं। पहले भी कई बार समस्या को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन में सुनिल कुमार, दीपक शर्मा, नरेश सिंह, राकेश कुमार, शुभम शर्मा आदि भी मौजूद रहे।