गांव जसरोटा के ग्रामीणों ने रविवार को रेलवे विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सलाहकार दलजीत सिंह काला और कैप्टन जेपी सिंह ने कहा कि पिछले तीन दिनों से रेलवे विभाग की वजह से जसरोटा गांव सहित आस पास के दर्जनों गांवों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण के कार्य के चलते गांव के मुख्य मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग पर गाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। उन्होंने विभाग के आदेश के अनुसार सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक ही गाड़ियोंपर रोक लगाई गई, लेकिन निर्माण करा रहे अधिकारी मनमर्जी कर रहे हैं और तीन दिन से दिन-रात मार्ग को गाड़ियों के लिए अवरुद्ध कर रखा है।
सोमवार को महाशिवरात्रि का पर्व है और इसी मार्ग से होते हुए श्रद्धालुओं को पवित्र भोले बाबा के स्थान माहनाल के दर्शन के लिए जाना है। मार्ग बंद होने से उन्हें कई किलोमीटर घूम कर जाना पड़ेगा। प्रदर्शन में इकबाल सिंह, मनप्रीत सिंह, सुरजीत सिंह, सुरेश कुमार, जमीत सिंह शामिल थे।