कठुआ। शहर के वार्ड-10 में पानी की किल्लत दूर करने के लिए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक लगाने में देरी पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। सोमवार को स्थानीय लोगों ने जलशक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द काम पूरा करने की मांग की। पार्षद अजय कुमार ने बताया कि दो साल पहले उप राज्यपाल से मिलकर ट्यूबवेल लगाने की मांग की गई थी। इसके बाद ट्यूबवेल के साथ ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन बोरिंग व अन्य कार्य बीते एक साल से लटका हुआ है। 70 लाख रुपये से लगाए जा रहे ट्यूबवेल का आज तक लोगों को लाभ नहीं मिल पाया है। इस ट्यूबवेल से वार्ड-9 और 11 को भी पानी मिलना है, लेकिन जलशक्ति विभाग की लचर कार्यप्रणाली से दो साल बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने विभाग से जल्द समस्या हल करने की मांग की है। प्रदर्शन में सोम राज, राज कुमार, मनीष, सीमा देवी, नीलम कुमारी, रोहित कुमार आदि शामिल रहे।