तारबंदी कर बसोहली में सील किया गया मार्ग।
- फोटो : KATHUA
बसोहली। उपजिले में कोरोना के संक्रमित मामले सामने आने के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। बारला चगान से पठियारा-पलाही को जाने वाले रास्तों को कंटीले तार लगाकर सील कर दिया है। जहां पुलिस कर्मी नफरी सहित पहरा दे रहे हैं। केवल प्रशासन की ओर से जारी किए गए पास वाले व्यक्ति को ही आगे-जाने की अनुमति दी जा रही है। बुधवार को नायब तहसीलदार बसोहली जाकिर हुसैन ने थाना प्रभारी व पुलिस टीम के साथ नगर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कुछ दुकानें खुली थीं, जिन्हें बंद करवाकर दुकानदारों को फटकार लगाई। सब्जी, किराना आदि जरूरी सामान की दुकानों पर खरीदारी करने आए लोगों को सामाजिक दूरी बनाए रखने को कहा। इसके साथ ही दुकानदारों को दुकानों के बाहर भीड़ न जमा करने के निर्देश दिए। अधिकारी ने लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए बेवजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग निरंतर करें और बार-बार अपने हाथों को साफ करें।