रविवार को मल माता सुकराला देवी के मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा । रविवार के दिन अवकाश के चलते कठुआ, जम्मू, उधमपुर, बिलावर, बसोहली, पठानकोट और हिमाचल और अन्य के इलाकों से सैकड़ो की संख्या में भक्तों ने माता रानी के मंदिर में आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार सुबह सुकराला गांव में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया और यह सिलसिला दोपहर तक लगातार जारी रहा। सुबह 10:00 बजे के बाद लोगों को लंबी-लंबी कतारों में लगकर महामाई के दर्शन करने पड़े। भक्तों ने अपने परिवारों सहित महामाई का गुणगान कर सुख समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन किया, कई लोगों ने महामाई के दरबार में हलवा पुरी का प्रसाद वितरण किया। लोगों ने महामाई का जय घोष करके महामाई का गुणगान किया। गौरतलब है कि यूं तो हर दिन मल माता के दरबार में माता रानी के दर्शन की अभिलाषा से कई भक्त पहुंचते हैं लेकिन रविवार के दिन श्रद्धालुओं की संख्या सबसे अधिक रहती है।