कठुआ/हीरानगर। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे। भाजपा ने अपना हर संकल्प पूरा किया है और यह संकल्प भी पूरा करेंगे। यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाचक में आयोजित चुनावी जनसभा में कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपना हर संकल्प पूरा है किया है, ऐसा ही संकल्प यहां से अनुच्छेद 370 हटाने का भी था, जो पूरा किया गया है। इसी तरह से आगे भी भाजपा पर लोगों के बने विश्वास को टूटने नहीं देंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि 370 हटने के बाद प्रदेश के बदलते हालात उन्हें रास नहीं आ रहे हैं, जिनकी दुकान पत्थरबाजी व आतंकवाद पर चलती थी। आज के युवा पत्थर या बंदूक को नहीं, बल्कि लैपटॉप को हाथों में पकड़ रहे हैं। जनसभा के दौरान यहां से भाजपा के प्रत्याशी विजय शर्मा ने सरकारी जमीनों से गिरधारियां खत्म होने का मुद्दा उनके समक्ष रखा, इस पर उन्होंने इस मामले को केंद्र सरकार के संज्ञान में लाने का आश्वासन दिया।