कठुआ/महानपुर। कटड़ा में एक हजार करोड़ से मल्टी मॉडल टर्मिनल का काम अक्तूबर में शुरू होगा। यहां होटल, हेलीपेड, रहने की व्यवस्था, बस और टैक्सी का डिपो भी होगा। कठुआ-बसोहली-भद्रवाह डोडा कॉरिडोर आपके लिए महत्वपूर्ण है।
यह 250 किलोमीटर का मार्ग है। इस पर तीस हजार 400 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी डीपीआर मार्च 2025 तक बनेगी। जल्द इसकी शुरुआत हो जाएगी मैं यह वचन देता हूं। ये बातें कठुआ जिले के महानपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहीं। वह बसोहली के भाजपा प्रत्याशी दर्शन सिंह ठाकुर की विजय संकल्प रैली में पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि पंजाब से श्रीनगर जाने वालों को जम्मू जाना पड़ता था लेकिन इसके बाद सीधे श्रीनगर पहुंचा जा सकेगा। 27 किलोमीटर की 23 टनल तैयार होंगी। बनी-भद्रवाह के बीच चार माह रास्ता बंद रहता है। छत्रगलां में सात किलोमीटर की टनल बनने से ऑल वेदर रोड मिलेगी। गडकरी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में केंद्र सरकार सड़क और टनल के मामलों में दो लाख करोड़ रुपये के काम रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर की कनेक्टिविटी में काफी सुधार हुआ है। जहां पहले अमरनाथ यात्रा में पांच दिन लगते थे। आज वहां ऐसी सड़क पांच हजार करोड़ रुपये से तैयार कर रहे हैं कि आठ घंटे में यात्रा की जा सकेगी।
उन्होंने मनाली से रोहतांग के बीच बनी अटल टनल का जिक्र किया। कहा कि लद्दाख को कश्मीर से जोड़ने वाली जोजिला टनल का काम 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यह एशिया की सबसे बड़ी 11.6 किलोमीटर लंबी टनल है। श्रीनगर से जम्मू तक 18 टनल का प्रस्ताव है, जिसमें से कई पूरी हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेस वे से कश्मीर घाटी से दिल्ली का सफर आठ घंटे का रह जाएगा। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे से होते हुए कन्याकुमारी तक 320 किलोमीटर सफर को कम किया जा रहा है।
...............
जम्मू कश्मीर में 45 हजार करोड़ की लागत से तीन कॉरिडोर
नितिन गडकरी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में 45 हजार करोड़ की लागत से तीन कॉरिडोर तैयार हो रहे हैं।
13 हजार करोड़ की लागत से बनने वाला चिनैनी अनंतनाग कॉरिडोर महत्वपूर्ण है, जिसकी डीपीआर बनाने की तैयारी है। जम्मू-राजोरी-उड़ी 11 हजार करोड़ से 200 किलोमीटर के काम पूरे किए जाएंगे। इन दो निर्माण के साथ पांच हजार करोड़ की पीर की गली में दस किलोमीटर टनल डबल रोड टनल का काम किया जाएगा। कहा कि इससे शोपियां तक आवाजाही सुगम हो जाएगी। रामबन, बनिहाल की कनेक्टिविटी में भी सुधार होेगा।
किसान अब अन्नदाता ही नहीं, एविएशन फ्यूल बना रहा है
गडकरी ने कहा कि पानीपत में एक ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि पंजाब में तैयार होने वाली पराली से अब बायो एविएशन फ्यूल बना रहे हैं। मक्की से इथनाल को मंजूरी के बाद मक्की का भाव जो 1200 रुपये था, अब 2600 हो गया। उन्होंने कहा कि कहा कि मैं किसान हूं। देश का किसान केवल मक्की, गेहूं और चावल ही नहीं पैदा करता। अब अन्नदाता से ऊर्जादाता बना है। बिजली या ईंधन या बिटुमिन के बाद एविएशन फ्यूल बना रहा है।
.............
जम्मू कश्मीर को बिना पैसे एसी इलेक्टि्रक बसें देंगे, डीजल से तीस प्रतिशत कम होगा किराया
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जम्मू कश्मीर को बिना पैसे एसी इलेक्टि्रक बसें देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन बसों का किराया डीजल बसों के मुकाबले भी तीस प्रतिशत कम होगा। उन्होंने कहा कि हम स्मार्ट शहर नहीं, स्मार्ट गांव बनाना चाहते हैं। बसों के बाद इलेक्टि्रक ट्रक बनाना चाहते हैं। जम्मू कश्मीर में जो हाइड्रोपावर तैयार होगी, उस पर ट्रक और बसें चलेंगी। गडकरी ने कहा कि इलेक्टि्रक गाड़ी व स्कूटर आया है। हमारा देश बदल रहा है। कहा कि एकता और अखंडता के लिए अनुछेद 370 के विरोध में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया। प्रधानमंत्री ने सुनिश्चित किया कि एक देश में दो निशान, दो विधान दो परिधान नहीं रह सकते। प्रधानमंत्री ने 370 रद्द कर यहां प्रगति और विकास का मार्ग लाकर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जो किया वह यहां के लोगों ने देखा है। अब जम्मू कश्मीर में सरकार बनाकर डबल इंजन से विकास को प्राथमिकता दे सकते हैं।
............
पूर्व वन मंत्री की महबूबा मुफ्ती से की थी शिकायत
कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह पर तंज कसते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने कहा कि पूर्व वन मंत्री रहते हुए उन्होंने जम्मू कश्मीर में कई सड़क परियोजनाओं में अड़चनें डालीं। कहा कि पिछली बार जो वन मंत्री थे, वह रोड के काम में बहुत तकलीफ देते थे, पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से उनकी शिकायत की थी।