कठुआ। भारतीय जनता पार्टी ने जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। छठी सूची में कठुआ अनुसूचित सीट पर डॉ. भारत भूषण को टिकट दिया गया है।
शनिवार को ही सरकार ने समाज कल्याण निदेशक पद से डॉ. भारत भूषण का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। प्रत्याशी के रूप में उनके नाम की घोषणा होने के साथ ही घर में समर्थक मिठाई और बधाई लेकर पहुंचना शुरू हो गए।
रविवार को कठुआ अनुसूचित सीट से भाजपा उम्मीदवार की घोषणा ऐसे समय पर हुई है, जब नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। डॉ. भारत भूषण ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पार्टी अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ अन्य नेताओं का विश्वास रखने के लिए आभार जताया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह चौबीस घंटे उपलब्ध रहकर लोगों के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह 26 साल नौकरशाह रहे और 14 विभागों में काम किया, इसलिए लोगाें की जरूरतों और समस्याओं के बारे पता है। डॉ. भारत भूषण ने बताया कि सरकारी सेवाओं में दायरा सीमित होता है, राजनीति में बड़े दायरे में लोगों के लिए काम करने को मिलेगा।