कठुआ। अपने जनसेवा कार्य के तहत केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की ओर से उपलब्ध कराई गई मेडिकल किटों के वितरण के लिए कंडी क्षेत्र के गांव बुद्धि में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता व नगरोटा के पूर्व सरंपच बिक्की शर्मा ने गांव के लोगों को उक्त किटें वितरित कीं।
इस मौके पर बिक्की शर्मा ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय सांसद होने के कारण वह कठुआ के साथ विशेष लगाव रखते हैं। लिहाजा वह इस तरह के कार्य करते आ रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने कठुआ के लोगों को बड़ी मात्रा में सेनिटाइजर, मास्क और ग्लब्स के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाई हैं। अब फिर से उन्होंने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए मेडिकल किट उपलब्ध कराई है। इसमें थर्मामीटर के साथ सर्दी के मौसम के दौरान होने वाली खांसी जुकाम व अन्य दवाएं उपलब्ध कराई हैं। आज के इस कार्यक्रम के दौरान एक हजार लाभार्थी परिवारों को उक्त किट उपलब्ध कराई गई हैं। आने वाले दिनों में जिले के अन्य गांवों में भी इस तरह का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां लोगों को उक्त किटें वितरित की जाएंगी।