कठुआ। वर्तमान में जारी कोरोना की महामारी से निपटने के लिए युवाओं और पुलिस के बीच बेहतर सामंजस्य बैठाने के लिए लखनपुर थाना परिसर में पुलिस युवा संवाद का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी सुमित शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान युवाओं को करुणा महामारी से निपटने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से जारी दिशा निर्देशों के अनुपालन सहयोग करने के साथ-साथ उनसे स्वास्थ्य परामर्श में आम लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित बनाने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने युवाओं को अपनी रचनात्मकता के साथ-साथ प्रतिभा का विकास करने और समाज के उत्प्रेरक बनने के लिए प्रेरित किया। बैठक के दौरान उन्होंने क्षेत्र में नशीली दवाओं के उन्मूलन यातायात संबंधी समस्याओं के प्रबंधन पर चर्चा की। थाना प्रभारी ने लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद उनके निदान के लिए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास से पुलिस और आम लोगों के बीच में एक बेहतर सामंजस्य स्थापित होगा जोकि शांति व्यवस्था के साथ-साथ अपराधों पर अंकुश लगाने और सामाजिक व्यवस्था को और मजबूत करने में मददगार साबित होगा