जिला पुलिस ने नगरी क्षेत्र के मीरपुर जग्गो में लाहन का कारोबार करने वालों के खिलाफ की कार्रवाई
कठुआ। जिला पुलिस ने नगरी क्षेत्र में मीरपुर जग्गो में लाहन का कारोबार करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हजार लीटर को नष्ट कर दिया है। मौके पर पुलिस टीम ने एक शराब तस्कर को 45 लीटर लाहन के साथ भी गिरफ्तार किया है। सूचना मिलने के बाद जिला विशेष शाखा और नगरी पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने अवैध तरीके लाहन बनाने के लिए बनाई गई अस्थायी इकाइयों के साथ-साथ लगभग दो हजार लीटर लाहन को नष्ट किया। इसके अलावा पुलिस टीम ने एक घर में भी छापेमारी कर 45 लीटर लाहन को बरामद कर शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार (21) पुत्र चंदा निवासी मीरपुर जग्गो के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद