कठुआ। पांच साल का बकाया वेतन एकमुश्त जारी करने की मांग को लेकर पेयजल विभाग के हड़ताली कर्मियों का संघर्ष बुधवार को भी जारी रहा।
हड़ताल पर बैठे यूनियन के अध्यक्ष शिव नारायण सिंह ने कहा कि जब तक विभाग उनका बकाया वेतन जारी नहीं करेगा हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा अगर विभाग उनसे सेवाएं ले रहा है तो वेतन देने में आनाकानी क्यों की जा रही है। सिंह ने कहा कि गत वर्ष के सितंबर माह से वे हड़ताल पर हैं, लेकिन अब तक तमाम अधिकारियों की ओर से उन्हें आश्वासन ही दिया गया है। विभाग और सरकार यह उनके साथ कैसा भद्दा मजाक कर रही है। यदि सरकार ने जल्द वेतन जारी नहीं किया तो वह फिर से आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग व राज्यपाल की होगी।