बिलावर में लगा कुत्तों झुंड। संवाद
- फोटो : KATHUA
बिलावर। उपमंडल के कई नगरों और गांवों में आवारा कुत्तों के आतंक से लोग परेशान हैं। ज्यादातर चौक चौराहों पर आवारा कुत्तों ने अपना बसेरा बना लिया है जिसके चलते आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार आवारा कुत्ते झुंडों में बाइक सवारों के पीछे लग जाते हैं जिसके कारण कई बार हादसे भी हो चुके हैं। बिलावर निवासी प्रेम लाल, मनोज कुमार, वरिष्ठ नागरिक विद्यासागर और प्रवीण सिंह ने बताया कि इन दिनों इलाके में आवारा कुत्तों की गिनती सैकड़ों में पहुंच गई है। इसके बावजूद भी सरकार की ओर से आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। बिलावर कस्बे में जगह-जगह आवारा कुत्तों के झुंड घूमते रहते हैं जिसके चलते पैदल आवाजाही करने वाले राहगीरों में डर पैदा हो रहा है। सुबह की सैर करने वालों के साथ-साथ देर रात घरों को लौटने वाले लोग इनके आतंक से परेशान हैं। बिलावर बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों ने आतंक मचाना शुरू कर दिया है। बीच सड़क पर घूम रहे आवारा कुत्तों की वजह से वाहन चालकों में भी दुर्घटना का भय बना रहता है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए कोई कार्रवाई की जाए और आए दिन बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या पर अंकुश लगाने के लिए कोई योजना बनाई जाए जिससे आमजन को आवारा कुत्तों के आतंक से निजात मिल सके। लोगों ने इस संबंध में सरकार से संज्ञान लेने की मांग की है।